नासिक विधान परिषद चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार गोकुल गीते की बड़ी जीत
नासिक विधान परिषद चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार गोकुल गीते ने शानदार जीत दर्ज की है। गीते ने पहले ही दौर में जीत के लिए आवश्यक कोटा हासिल कर चुनाव अपने नाम कर लिया।
मतगणना के अनुसार कुल 618 मत डाले गए थे, जिनमें से 13 मत अवैध घोषित किए गए। इसके बाद 605 वैध मतों के आधार पर जीत के लिए 303 मतों का कोटा निर्धारित किया गया था।
निर्दलीय उम्मीदवार गोकुल गीते को पहले दौर में ही 357 मत प्राप्त हुए, जबकि महायुति समर्थित उम्मीदवार नरेंद्र दराडे को 248 मत मिले। अन्य उम्मीदवार प्रसाद हिरे को कोई मत प्राप्त नहीं हुआ।
पहले ही दौर में गोकुल गीते द्वारा निर्धारित कोटा हासिल कर लेने के कारण दूसरे दौर की मतगणना की आवश्यकता नहीं पड़ी। निर्वाचन निर्णय अधिकारी ने स्पष्ट किया कि कोटा पूरा होने के चलते गीते को विजयी घोषित कर दिया गया।
नासिक विधान परिषद चुनाव के इस परिणाम को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि निर्दलीय उम्मीदवार ने महायुति के उम्मीदवार को पराजित कर जीत हासिल की है।
