दृष्टिबाधित बंधुओं के लिए 38वें वार्षिक दीपावली उपहार वितरण समारोह का भव्य आयोजन; 4,600 बंधुओं को उपहार वितरित, सेवाभावी विधायक पराग शाह की गरिमामयी उपस्थिति!
राष्ट्रसंत परम गुरुदेव श्री नम्रमुनि महाराज साहेब की पावन उपस्थिति एवं प्रेरणा से अरहम युवा सेवा ग्रुप, सोहम सेवा ग्रुप, ओंकार अंध केवक सोसायटी तथा नगरसेवक धर्मेश गिरी के संयुक्त प्रयासों से आयोजित 38वें वार्षिक दीपावली उपहार वितरण समारोह में सेवाभावी विधायक पराग शाह जी ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर नगरसेविका राखी जाधव जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र से पधारे लगभग 4,600 दृष्टिबाधित बंधुओं को दीपावली के पावन अवसर पर आवश्यक किराना सामग्री, मिठाई, चादर एवं अन्य जरूरी वस्तुओं से युक्त उपहार हैम्पर वितरित किए गए। इसके साथ ही लाभार्थियों के मनोरंजन के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं स्नेहभोज का भी आयोजन किया गया।
पिछले 37 वर्षों से ओंकार अंध केवक सोसायटी के माध्यम से दृष्टिबाधित बंधुओं की सेवा एवं उनके कल्याण के लिए निरंतर विभिन्न सामाजिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी सेवाभावी कार्य को आगे बढ़ाते हुए दृष्टिबाधित युवक-युवतियों के 45 जोड़ों का सामूहिक विवाह आयोजित करने का सराहनीय संकल्प भी लिया गया है।
इस अवसर पर विधायक पराग शाह जी ने आयोजकों द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की तथा उपस्थित सभी दृष्टिबाधित बंधुओं को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
समाज के प्रत्येक वर्ग तक खुशियां पहुंचाने, जरूरतमंदों को सम्मान एवं अपनत्व का एहसास कराने और उनके जीवन में आनंद के रंग भरने वाला यह आयोजन मानवीय संवेदना, सेवा भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का एक प्रेरणादायी उदाहरण है।















