वीर जवान फाउंडेशन की ओर से 13 शहीद जवानों के परिजनों का भावपूर्ण सम्मान
नवी मुंबई ।सीमा पर देश की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त करने वाले जवानों की वीर पत्नियों, वीर माताओं और उनके परिवारों को मानसिक एवं आर्थिक सहयोग देकर उनका जीवन सुखमय बनाने का निस्वार्थ प्रयास पिछले 8 वर्षों से वीर जवान फाउंडेशन के माध्यम से किया जा रहा है। इस वर्ष भी महाराष्ट्र के शहीद जवानों के परिवारों का भावपूर्ण सम्मान वीर जवान फाउंडेशन के अध्यक्ष सुरेश काकडे की पहल पर किया गया।
वाशी स्थित विष्णुदास भावे नाट्यगृह में हजारों नागरिकों की उपस्थिति में आयोजित इस सम्मान समारोह में सेवानिवृत्त सनदी अधिकारी विजय नाहटा प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान शहीद जवानों के परिवारों को सम्मानित कर कारगिल विजय दिवस मनाया गया।
इस अनोखे समारोह में महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों से आए 13 वीर पत्नियों और वीर माताओं एवं उनके परिवारों का सम्मान किया गया। उन्हें ₹51 हजार की नकद सहायता, सम्मानचिह्न, शॉल और श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व सनदी अधिकारी विजय नाहटा, प्रसिद्ध गायक एवं पद्मश्री शंकर महादेवन, शौर्य पुरस्कार प्राप्त मधुसूदन सुर्वे, सनदी अधिकारी समीर वानखेडे सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस अवसर पर देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक एवं गीतों का कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।
वीर जवान फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त भारतीय सेना अधिकारी सुरेश काकडे ने कहा कि देश के लिए अपने प्राणों की बाजी लगाकर सीमा पर देशवासियों की रक्षा करने वाले जवानों को वह सम्मान नहीं मिल पाता, जिसके वे हकदार हैं। उन्होंने कहा कि लोग फिल्मी सितारों को सिर-आंखों पर बिठाते हैं, लेकिन देश के लिए जवानों के प्रेम, कर्तव्य और बलिदान को जल्द भूल जाते हैं।
उन्होंने कहा कि भविष्य में शहीद जवानों के परिवारों को हरसंभव सहयोग देने के साथ-साथ नवी मुंबई में पूर्व सैनिक भवन स्थापित करने और पूर्व सैनिकों के बच्चों को कम शुल्क में बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए वीर जवान फाउंडेशन के माध्यम से प्रयास किए जाएंगे।
