नवी मुंबई में इरिडियम के नाम पर करोड़ों की ठगी!
300 निवेशकों को बनाया निशाना, दो आरोपी गिरफ्तार; 5 लाख के निवेश पर 28 करोड़ तक लौटाने का दिया था लालच!
नवी मुंबई : इरिडियम धातु की बिक्री से करोड़ों रुपये का मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करीब 300 निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। इस मामले में नवी मुंबई क्राइम ब्रांच ने तीर्थंकर तुषार कांति सेनगुप्ता और जयंत ओक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी सेनगुप्ता तुर्भे स्थित एक आलीशान होटल में ठहरा हुआ था। उसने जयंत ओक को एजेंट के तौर पर नियुक्त किया था। आरोपियों की ओर से निवेशकों को 5 लाख रुपये के निवेश पर नवंबर 2026 के अंत तक 9 करोड़ से 28 करोड़ रुपये तक वापस देने का लालच दिया जा रहा था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने ग्राहक बनकर जाल बिछाया। आरोपियों द्वारा एक लाख रुपये अग्रिम राशि के रूप में लेते ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
2018 से चल रहा था ठगी का खेल?
प्रारंभिक जांच के अनुसार, वर्ष 2018 से अब तक करीब 300 लोगों से कथित तौर पर प्रति व्यक्ति 4 से 5 लाख रुपये वसूले गए। आरोप है कि किसी भी निवेशक को उसकी मूल रकम या वादा किया गया मुनाफा वापस नहीं मिला।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और एक टैबलेट जब्त किया है। इस मामले में तुर्भे पुलिस स्टेशन में अपराध दर्ज किया गया है।
टोली के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस अब इस कथित ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य चार कस्टोडियन और उनके एजेंटों की तलाश कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है तथा निवेशकों से वसूली गई रकम कहां गई।
बाइट : विशाल हिरे, सहायक पुलिस आयुक्त, नवी मुंबई
