विराट-गिल की साझेदारी ने रखी जीत की नींव, भारत ने न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हराया

ईडन पार्क में खेले गए पांच वनडे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारत की जीत में अर्शदीप सिंह की शानदार गेंदबाजी और विराट कोहली की अर्धशतकीय पारी की अहम भूमिका रही। बारिश के कारण मैच दो बार बाधित हुआ। इसके बाद डीएलएस नियम के तहत भारत को 32 ओवर में 143 रन का संशोधित लक्ष्य मिला, जिसे टीम ने 22.4 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
रोहित बिना खाता खोले लौटे पवेलियन
186 रन के शुरुआती लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को पहला झटका रोहित शर्मा के रूप में लगा। रोहित 1 रन के कुल स्कोर पर बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद शुभमन गिल और विराट कोहली ने पारी को संभाला और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
गिल और विराट के बीच 113 रन की साझेदारी
शुभमन गिल और विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों की पारी से ऐसा लग रहा था कि भारत आसानी से 9 विकेट से जीत हासिल कर लेगा, लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही भारतीय टीम ने लगातार विकेट गंवाए। गिल 56 गेंदों पर 37 रन बनाकर 114 के कुल स्कोर पर आउट हुए। इसके बाद विराट कोहली ने 51 गेंदों पर 1 छक्के और 13 चौकों की मदद से 74 रन बनाए। वह 124 के स्कोर पर तीसरे विकेट के रूप में पवेलियन लौटे।
लगातार गिरे भारतीय टीम के विकेट
विराट के आउट होने के बाद अक्षर पटेल भी बिना खाता खोले 124 के स्कोर पर चौथे विकेट के रूप में आउट हो गए। इसके बाद श्रेयस अय्यर 13 गेंदों पर 15 रन बनाकर 136 के कुल स्कोर पर पांचवें विकेट के रूप में पवेलियन लौटे। हालांकि, इसके बाद केएल राहुल और नमन धीर ने मोर्चा संभाला और टीम को जीत तक पहुंचाया। राहुल 3 और नमन धीर 5 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने 22.4 ओवर में 5 विकेट पर 143 रन बनाकर मुकाबला 5 विकेट से जीत लिया। न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी ने 3 विकेट लिए, जबकि काइल जैमिसन और नाथन स्मिथ को 1-1 सफलता मिली।
185 रन पर सिमटी न्यूजीलैंड की टीम
इससे पहले टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 40.2 ओवर में 185 रन पर सिमट गई। न्यूजीलैंड की ओर से टिम सिफर्ट ने 38, डेरिल मिचेल ने 28 और ग्लेन फिलिप्स ने 30 रन बनाए। इसके अलावा ब्लेयर टिकनर ने 34 और जैकब डफी ने नाबाद 15 रन का योगदान दिया। एक समय न्यूजीलैंड ने 146 रन के स्कोर पर 9 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद ब्लेयर टिकनर और जैकब डफी ने आखिरी विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 185 तक पहुंचाया।
अर्शदीप ने झटके 4 विकेट, कंबोज और गुरनूर भी चमके
भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 70 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। अंशुल कंबोज ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 2 मेडन के साथ 22 रन देकर 2 विकेट झटके। गुरनूर बरार ने 9.2 ओवर में 44 रन देकर 3 बल्लेबाजों को आउट किया।
