बीकेसी में सात अजगर के बच्चों सहित आठ सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू, लोगों से सतर्क रहने की अपील


मुंबई। सोमवार रात करीब 8:53 बजे बीकेसी पुलिस स्टे
शन से ‘वापरा संस्था’ को सूचना मिली कि सेभी भवन के पास पैदल मार्ग पर इंटरनेट डक्ट से अजगर के बच्चे बाहर निकल रहे हैं।
सूचना मिलते ही सर्पमित्र अतुल कांबले ने तत्काल राउंड ऑफिसर रोशन शिंदे तथा मुंबई वन विभाग रेंज कार्यालय के कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद सर्पमित्र अतुल कांबले और पुलिस हवलदार सचिन मोरे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और एक-एक कर अजगर के बच्चों का सुरक्षित रेस्क्यू शुरू किया।
घटनास्थल के समीप व्यस्त सड़क होने के कारण इन बच्चों के सड़क पर आकर वाहन की चपेट में आने की आशंका थी। समय पर कार्रवाई और पुलिस की सतर्कता के चलते कुल सात अजगर के बच्चों तथा एक गैर-विषैला ‘कवड्या’ प्रजाति के सांप का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया।
रेस्क्यू किए गए सभी सांप गैर-विषैले हैं। वन विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी को सुरक्षित रूप से उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा।
सर्पमित्रों और वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि बीकेसी क्षेत्र में एमएमआरडीए पताका मैदान से मीठी नदी के पास भारत नगर टाटा बस स्टॉप की ओर जाने वाले पैदल मार्ग पर अजगर या किसी अन्य सांप के बच्चे दिखाई दें, तो घबराएं नहीं। उन्हें न मारें और न ही पकड़ने का प्रयास करें। इसकी तुरंत सूचना किसी सर्पमित्र या वन विभाग के टोल-फ्री नंबर 1926 पर दें।
वन विभाग और प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचकर वन्यजीवों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ देगी।
