विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी….
, नवी मुंबई
विदेश में शिपिंग कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से करोड़ों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। खारघर स्थित एवॉन नेविगॉर्ज़ मरीन्स प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी पर आरोप है कि उसने नौकरी, वीजा और टिकट की व्यवस्था के नाम पर युवाओं से करीब 1 करोड़ 73 लाख 81 हजार रुपये से अधिक की रकम वसूली, लेकिन किसी को भी नौकरी नहीं दिलाई। मामले में अब पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नवी मुंबई के खारघर सेक्टर-7 में स्थित एवॉन नेविगॉर्ज़ मरीन्स प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के खिलाफ युवाओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक कंपनी ने मलेशिया समेत विभिन्न देशों की शिपिंग कंपनियों में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बदले उम्मीदवारों से सर्विस चार्ज, वीजा प्रोसेसिंग, एयर टिकट और अन्य खर्चों के नाम पर लाखों रुपये जमा कराए गए।
पीड़ित युवाओं का कहना है कि कंपनी के प्रतिनिधियों के निर्देश पर अलग-अलग बैंक खातों में चरणबद्ध तरीके से रकम जमा करवाई गई। लेकिन पैसे जमा होने के बाद न तो नौकरी मिली और न ही वीजा या यात्रा से जुड़ी कोई जानकारी दी गई। जब शिकायतकर्ता कंपनी के कार्यालय पहुंचे तो कार्यालय बंद मिला। इसके बाद अन्य उम्मीदवारों से संपर्क करने पर इसी तरह की ठगी के कई और मामले सामने आए।
बताया जा रहा है कि ठगी के शिकार युवक पिछले दो दिनों से खारघर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि एफआईआर दर्ज होने में देरी हो रही थी। मामले की जानकारी आर्थिक अपराध शाखा की सहायक पुलिस आयुक्त प्रेरणा कट्टे तक पहुंचने के बाद उन्होंने तुरंत संज्ञान लिया और अपनी टीम को खारघर पुलिस थाने भेजा।
आर्थिक अपराध शाखा के अधिकारियों ने पीड़ितों और उनके परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। शिकायत के आधार पर कंपनी के कथित मालिक, प्रबंधक और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ आपसी मिलीभगत से नौकरी का झांसा देकर पैसे ऐंठने का आरोप लगाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू करवाई गई।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि विदेश में नौकरी के नाम पर किसी भी एजेंसी या कंपनी को पैसे देने से पहले उसकी वैधता, लाइसेंस और सरकारी मान्यता की पूरी जांच-पड़ताल करना बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।
BYTE: प्रेरणा कट्टे, सहायक पुलिस आयुक्त, अपराध शाखा
विदेश में नौकरी का सपना दिखाकर युवाओं से करोड़ों रुपये की कथित ठगी के इस मामले में पुलिस अब पैसों के लेन-देन और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। उम्मीद की जा रही है कि जांच के बाद इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा।
