नासिक में सरेआम गुंडागर्दी: बीच सड़क पर युवक की बेरहमी से पिटाई, CCTV फुटेज वायरल
नासिक शहर से कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। सिंघाड़ा तालाब क्षेत्र के पास बीच सड़क पर कुछ गुंडों ने एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह कुछ बदमाश बीच सड़क पर युवक को घेरकर बेरहमी से मारते-पीटते नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि यह घटना सरेआम सड़क पर हुई, जहां लोगों की आवाजाही भी जारी थी, लेकिन गुंडों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्हें किसी का डर नहीं था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नासिक में इन दिनों आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसा शायद ही कोई दिन गुजरता हो जब मारपीट, हत्या, लूट या अन्य अपराध की खबर सामने न आती हो। शहर में बढ़ती गुंडागर्दी ने आम लोगों में डर का माहौल बना दिया है।
इस घटना के बाद नासिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का आरोप है कि बदमाशों के हौसले इतने बढ़ चुके हैं कि पुलिस का डर खत्म होता नजर आ रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।
नासिक से संदीप द्विवेदी की रिपोर्ट
