आईआईएसएफ 2026 का कर्टेन रेजर लॉन्च, जितेंद्र सिंह बोले- विज्ञान को प्रयोगशालाओं से निकालकर आम लोगों तक पहुंचाना जरूरी

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जितेंद्र सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली में इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल (आईआईएसएफ) 2026 के 12वें संस्करण के कर्टेन रेजर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान को प्रयोगशालाओं तक सीमित रखने के बजाय आम लोगों तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि युवा, विद्यार्थी, महिलाएं, किसान और स्टार्टअप्स इससे जुड़कर देश की वैज्ञानिक एवं नवाचार क्षमता को आगे बढ़ा सकें। ‘भारत का विज्ञान, विश्व का भविष्य’ थीम पर आधारित यह चार दिवसीय महोत्सव 19 से 22 दिसंबर तक पुणे के पांच प्रमुख अनुसंधान एवं शैक्षणिक परिसरों में आयोजित होगा। इस अवसर पर मंत्री ने महोत्सव की आधिकारिक वेबसाइट और ब्रोशर का भी अनावरण किया।
‘विश्व बंधु भारत’ के विजन को आगे बढ़ाएगा भारतीय विज्ञान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जितेंद्र सिंह ने कहा कि आईआईएसएफ 2026 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विश्व बंधु भारत’ के विजन के अनुरूप है। भारतीय विज्ञान की उपलब्धियां अब केवल देश तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरी मानवता के कल्याण के लिए योगदान दे रही हैं। उन्होंने जैव प्रौद्योगिकी विभाग (डीबीटी) की ओर से विकसित स्वदेशी अनुसंधान किट का उल्लेख किया, जिन्हें भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर लेकर गए थे। इन किट के माध्यम से किए गए प्रयोगों के परिणामों से वैश्विक वैज्ञानिक समुदाय को लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ते हुए भारत वैश्विक वैज्ञानिक पारिस्थितिकी तंत्र को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विज्ञान के लिए दो प्रमुख राष्ट्रीय आयोजन
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार ने देश के विज्ञान आयोजनों को नई दिशा देते हुए दो प्रमुख राष्ट्रीय स्तंभ विकसित किए हैं। इनमें नई दिल्ली में आयोजित होने वाला इमर्जिंग साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन कॉन्क्लेव (ईएसटीआईसी) और देशभर में आयोजित होने वाला जन-केंद्रित इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल (आईआईएसएफ) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि ईएसटीआईसी में 13 से अधिक मंत्रालयों और नोबेल पुरस्कार विजेताओं की भागीदारी होती है। यह उभरते वैज्ञानिक विषयों पर केंद्रित अकादमिक आयोजन है, जबकि आईआईएसएफ का स्वरूप जन-केंद्रित और उत्सवपूर्ण है। चंडीगढ़, हैदराबाद, गोवा और दिल्ली के बाद अब पहली बार पुणे में इसका आयोजन किया जा रहा है। इससे पश्चिमी भारत के प्रमुख शैक्षणिक, अनुसंधान और औद्योगिक केंद्रों की क्षमताओं का लाभ मिलेगा।
स्टार्टअप्स और युवाओं के लिए विशेष अवसर
जितेंद्र सिंह ने कहा कि आईआईएसएफ 2026 में जीन संपादन, एंटीबॉडी और इंसुलिन उत्पादन, अगली पीढ़ी के ऊर्जा स्रोतों तथा उन्नत जैव प्रौद्योगिकी जैसे जटिल विषयों को सरल और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। महोत्सव में अकादमिक चर्चाओं के साथ बच्चों, युवाओं, महिलाओं, स्टार्टअप्स, उद्यमियों और उद्योग जगत के लिए भी विशेष कार्यक्रम होंगे। उन्होंने बताया कि महोत्सव में बी2बी बैठकें, हैकाथॉन और साइंस सफारी आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं को अपनी रुचियों और क्षमताओं को पहचानने तथा नए विचारों को उद्यमों में बदलने के लिए प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में 2001 के नोबेल पुरस्कार विजेता सर टिम हंट का विशेष व्याख्यान भी होगा।
13 शहरों में होंगे पूर्व आयोजन
केंद्रीय मंत्री ने विज्ञान भारती (विभा) और उसके राष्ट्रीय संगठन सचिव शिव कुमार शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि पुणे में मुख्य आयोजन से पहले देश के विभिन्न शहरों में कर्टेन रेजर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों, महिलाओं, किसानों और उद्यमियों को सक्रिय अनुसंधान प्रयोगशालाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी महोत्सव में सक्रिय भागीदारी करने और पुणे पहुंचकर भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने का आग्रह किया।
वैज्ञानिक सोच को जन-आंदोलन बनाने पर जोर
भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार अजय कुमार सूद ने आईआईएसएफ 2026 को विज्ञान का अनूठा उत्सव बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं को विज्ञान की मुख्यधारा से जोड़ना और अनुसंधान प्रयोगशालाओं से आगे आम जनमानस में वैज्ञानिक सोच विकसित करना है। उन्होंने ‘भारत का विज्ञान, विश्व का भविष्य’ थीम को भारत के दर्शन ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ से जोड़ते हुए कहा कि वैक्सीन मैत्री से लेकर डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर तक भारत ने स्वदेशी नवाचारों को बड़े पैमाने पर साझा करने की प्रतिबद्धता दिखाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह महोत्सव युवाओं को विकसित भारत के लिए अत्याधुनिक और जन-केंद्रित नवाचारों की दिशा में प्रेरित करेगा।
विज्ञान, समाज, सरकार और बाजार को जोड़ने का मंच
जैव प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव राजेश एस. गोखले ने कहा कि वर्ष 2015 में शुरुआत के बाद से आईआईएसएफ आम लोगों का महोत्सव रहा है। यह विद्यार्थियों, शिक्षकों, छोटे शहरों के नवोन्मेषकों और किसानों को एक मंच पर लाता रहा है। उन्होंने कहा कि आईआईएसएफ विज्ञान के माध्यम से समाज, सरकार और बाजार को जोड़ने का मंच है। इसमें सामाजिक जरूरतें अनुसंधान को दिशा देती हैं, सरकार नवाचार को प्रोत्साहित करती है और बाजार वैज्ञानिक खोजों को उपयोगी उत्पादों एवं सेवाओं में बदलने में मदद करता है। इस वर्ष के आयोजन में प्रमुख विज्ञान विभागों के साथ परमाणु ऊर्जा विभाग और नीति आयोग के अटल नवाचार मिशन को भी शामिल किया गया है।
पुणे के पांच परिसरों में होगा आयोजन
बीआरआईसी-राष्ट्रीय कोशिका विज्ञान केंद्र (एनसीसीएस) के निदेशक थॉमस पुकाडियिल ने महोत्सव की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि ‘एक राष्ट्र, एक विज्ञान महोत्सव’ के तहत पुणे के पांच प्रमुख परिसरों में कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें बीआरआईसी-एनसीसीएस, सीएसआईआर-राष्ट्रीय रासायनिक प्रयोगशाला (एनसीएल), भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर), भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) और सीओईपी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय शामिल हैं।
चार दिनों में 26 कार्यक्रम और 17 प्रयोगशाला परिसर होंगे शामिल
चार दिवसीय महोत्सव में 17 सक्रिय प्रयोगशाला परिसरों में 26 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें सात केंद्रीय मंत्रालयों एवं विभागों और 16 राष्ट्रीय संस्थानों की भागीदारी होगी। प्रमुख आकर्षणों में जैव-विनिर्माण पर वैश्विक शिखर सम्मेलन, चिकित्सक-अकादमिक कॉन्क्लेव, 1,800 विद्यार्थियों और 200 शिक्षकों के लिए ‘द न्यू नालंदा’ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी ग्राम तथा 1,200 विद्यार्थियों के लिए छात्र-वैज्ञानिक संवाद कार्यक्रम शामिल हैं। इसके अलावा शिक्षकों के लिए ‘द गुरुकुल’ कार्यशाला, आठ क्षेत्रों में साइंस सफारी और आम लोगों के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी, रक्षा एवं अंतरिक्ष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
चंद्रयान-3 और गगनयान सहित प्रमुख मिशनों की प्रदर्शनी
महोत्सव में चंद्रयान-3, गगनयान, आईएनएस विक्रांत, मिशन शक्ति और क्वांटम प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर तथा गहरे समुद्र में अन्वेषण से जुड़े राष्ट्रीय मिशनों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही 150 संस्थानों के प्रमुखों के लिए ‘विजन संसद’, विज्ञान कूटनीति कॉन्क्लेव और तीन महाद्वीपों तक विस्तृत वैश्विक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी गठबंधन जैसे आयोजन भी होंगे।
महिलाओं, सामाजिक संगठनों और नवाचारों पर रहेगा फोकस
आईआईएसएफ 2026 में 150 गैर-सरकारी संगठनों की भागीदारी के साथ राष्ट्रीय सामाजिक संगठन एवं संस्थान सम्मेलन (एनएसओआईएम), ‘नारी शक्ति’, ‘विज्ञानिका’ और मराठा किलों की इंजीनियरिंग विरासत पर आधारित ‘शिव-दुर्ग’ कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव के दौरान विजन संसद घोषणा-पत्र 2026, एनएसओआईएम घोषणा-पत्र, विज्ञान कूटनीति पर वक्तव्य और जैव-विनिर्माण के लिए राष्ट्रीय रोडमैप जारी करने की योजना है। इसके अलावा विद्यार्थियों के नवाचारी विचारों की पहचान कर उन्हें मार्गदर्शन और इन्क्यूबेशन सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जाएगा।
