नासिक-मुंबई हाईवे पर फंसे यात्री: रात भर परेशान रहीं महिलाएं और बच्चे, वीडियो वायरल
नासिक-मुंबई हाईवे पर एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां करीब 40 महिलाएं और बच्चे पूरी रात बीच सड़क पर फंसे रहे। यह सभी यात्री मुंबई से नासिक दर्शन के लिए आए थे, लेकिन ट्रेवल्स कंपनी और बस चालक की मनमानी के चलते उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि सिटी फ्लो बस का ड्राइवर अचानक बस को हाईवे के बीच में रोककर खड़ा हो गया। देर रात सुनसान सड़क पर बस रुकने से यात्रियों में डर और चिंता का माहौल बन गया, खासकर महिलाओं और बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
यात्रियों के अनुसार, बस चालक ने बस खराब होने का हवाला दिया, लेकिन काफी देर तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। ट्रेवल्स कंपनी की लापरवाही से नाराज़ यात्रियों ने नजदीकी पुलिस स्टेशन में फोन कर मदद मांगी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद ही मामला शांत हुआ और यात्रियों को राहत मिल पाई।
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे ट्रेवल्स कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
फिलहाल, यात्रियों ने ट्रेवल्स कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
नासिक से संदीप द्विवेदी की रिपोर्ट
