तुर्भे स्टोर हत्याकांड पर फूटा गुस्सा: सड़क पर उतरे लोग, आरोपियों को फांसी देने की मांग
नवी मुंबई के तुर्भे स्टोर क्षेत्र में 60 वर्षीय अजरुनीसा खान की निर्मम हत्या के बाद पूरे इलाके में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। इस जघन्य घटना के विरोध में सोमवार को स्थानीय नागरिकों ने सड़क पर उतरकर “रास्ता रोको” आंदोलन किया और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। नागरिकों का कहना है कि ऐसी घटनाएं समाज में डर का माहौल पैदा करती हैं और अगर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, अजरुनीसा खान को जेवरात लूटने के इरादे से घर बुलाया गया था, जहां उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने जेवरात बेचने और शव को ठिकाने लगाने की भी कोशिश की, जिससे इस वारदात की गंभीरता और बढ़ जाती है।
सूत्रों के अनुसार, ड्रम गली के पास रहने वाले मोमिन नामक व्यक्ति पर इस हत्या को अंजाम देने का संदेह है। बताया जा रहा है कि इस अपराध में एक महिला सहित अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
इस दर्दनाक घटना ने इलाके में भय और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
