नागमणि पांडेय ,नवी मुंबई
गणपति उत्सव से पहले मिठाई दुकान की खुली पोल
कामोठे में बुरशी लगी रसमलाई बेचने का आरोप, मचा हड़कंप
दुकान मालिक ने खराब मिठाई की बात मानी और मांगी माफी
खाद्य सुरक्षा विभाग से जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग
नवी मुंबई। नवी मुंबई के कामोठे सेक्टर-25 स्थित बीकानेर दुकान में ग्राहक को कथित तौर पर खराब और बुरशी लगी रसमलाई बेचने का मामला सामने आया है। रसमलाई खाने के बाद मौके पर मौजूद नागरिकों ने भी नाराजगी जताई।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रदेश सचिव अक्षय देवकर ने संबंधित दुकान से रसमलाई खरीदी थी। घर ले जाने के बाद रसमलाई खराब होने और उस पर बुरशी लगी होने का पता चला। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी दुकान मालिक को दी।बताया जा रहा है कि दुकान मालिक ने रसमलाई खराब होने की बात स्वीकार करते हुए माफी मांगी। इस घटना के सामने आने के बाद मौके पर मौजूद नागरिकों में भी नाराजगी देखने को मिली।
गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में नागरिक मिठाइयां और खाद्य पदार्थ खरीद रहे हैं। ऐसे में खराब या बुरशी लगी मिठाई की बिक्री का आरोप नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला माना जा रहा है।नागरिकों ने मांग की है कि अन्न एवं खाद्य सुरक्षा विभाग तत्काल संबंधित दुकान की जांच करे, मिठाइयों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करे।
