गाजीपुर में श्री मां दुर्गा मंदिर का 11वां स्थापना दिवस धूमधाम से सम्पन्न, रामायण पाठ और साड़ी वितरण कार्यक्रम आयोजित
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के तहसील सैदपुर अंतर्गत ग्राम नेवादा जल्दीपुर में श्री मां दुर्गा देवी मंदिर के 11वें स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सी ई एन न्यूज़ चैनल के प्रधान संपादक एवं मुंबई के चर्चित पत्रकार राज बहादुर पांडेय द्वारा अपने पैतृक गांव में आयोजित कराया गया।
इस अवसर पर मंदिर में श्रीरामचरित मानस का संगीतमय पाठ आयोजित हुआ, जिसमें दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य विश्व कल्याण और सनातन संस्कृति को सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम में यज्ञाचार्य डॉ. देवेश्वर मिश्र गर्ग ने विधि-विधान से पूजा-पाठ एवं हवन संपन्न कराया। उन्होंने राज बहादुर पांडेय और उनकी धर्मपत्नी प्रतिभा पांडेय को यज्ञ का मुख्य यजमान बनाया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माता रानी की प्रतिमा का स्वर्ण धातु और दुग्ध से अभिषेक किया गया।
इस दौरान नीलम पाठक और क्षमता पाठक द्वारा माता रानी का भव्य श्रृंगार किया गया। यजमान के हाथों 21 बालिकाओं का पूजन एवं भोजन कराया गया, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।
सायंकाल में राज पांडेय की माताजी माधुरी देव नारायण पांडेय द्वारा सैकड़ों जरूरतमंद महिलाओं को साड़ियों का वितरण किया गया। यह पहल समाज सेवा और सहयोग का एक सराहनीय उदाहरण बनी।
कार्यक्रम के दौरान राज बहादुर पांडेय ने जिले के पत्रकारों और मुंबई से आए वरिष्ठ पत्रकार कपिलदेव खरवार को शॉल और फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया।
भक्ति गीत गायक अरविंद कुमार मिश्रा और उनकी टीम ने देर रात तक भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। वहीं बृज कुमार, प्रभुनाथ और नारायण गोस्वामी सहित कलाकारों ने चौबीस घंटे रामायण चौपाइयों का गायन कर वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा।
इस आयोजन को सफल बनाने में प्रवीण पांडेय, सतीश पांडेय, किशन मिश्रा और धर्मेंद्र पाठक का विशेष योगदान रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने भंडारे में महाप्रसाद ग्रहण किया।
गांव में इस प्रकार का भव्य धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन पहली बार हुआ, जिससे राज बहादुर पांडेय की लोकप्रियता में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

