नासिक TCS धर्मांतरण मामले में SIT की बड़ी कार्रवाई, 1500 पन्नों की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल
नासिक में सामने आए बहुचर्चित TCS धर्मांतरण मामले में SIT और नासिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अदालत में 1500 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह चार्जशीट नासिक कोर्ट में प्रस्तुत की गई, जिसमें कई गंभीर आरोपों का उल्लेख किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में निदा खान, दानिश शेख, तौसीफ अत्तार और छत्रपति संभाजी नगर के पार्षद मतीन पटेल को आरोपी बनाया गया है, जिन पर आरोप है कि उन्होंने पीड़ितों को छुपाने और कथित गतिविधियों में सहायता की।
चार्जशीट में देवलाली कैंप पुलिस स्टेशन और मुंबई नाका पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR को भी शामिल किया गया है। कुल मिलाकर इस मामले में अब तक 9 अलग-अलग केस दर्ज किए जा चुके हैं।
नासिक पुलिस कमिश्नर संदीप कर्णीक के आदेश पर इस पूरे मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया गया था। SIT ने आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद सभी का मेडिकल परीक्षण भी कराया।
जांच के दौरान SIT ने छेड़छाड़, यौन उत्पीड़न, जबरन धर्मांतरण और धार्मिक भावनाओं को आहत करने जैसे गंभीर आरोपों की विस्तृत जांच की और उसके आधार पर चार्जशीट तैयार कर अदालत में पेश की।
इसके अलावा TCS धर्मांतरण मामले में 17 गवाहों के बयान नासिक प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष BNSS की धारा 183 के तहत दर्ज किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि यह जांच अभी भी जारी है और आने वाले समय में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
