मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा; बीयर की बोतलें टूटने से हाईवे पर बिखरी बीयर, खोपोली के पास तीन वाहनों की टक्कर...
नवी मुंबई ।मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर खोपोली के पास घाट सेक्शन में एक ट्रेलर और दो ट्रकों के बीच भीषण हादसा हो गया। इस दुर्घटना के कारण हाईवे पर बीयर की टूटी हुई बोतलों का ढेर लग गया। एक ट्रक में ले जाई जा रही बीयर सड़क पर फैल गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के चलते मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
मध्यरात्रि करीब 12.45 बजे खोपोली एग्जिट पार करने के लगभग 100 मीटर बाद मिसिंग लिंक के पास मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर यह हादसा हुआ। लोणावला से मुंबई की ओर आ रहे एक ट्रेलर ने बीयर से भरे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण ट्रक चालक का नियंत्रण छूट गया और ट्रक दूसरी लेन में जा पहुंचा। इसी दौरान उसने तीसरी लेन में चल रहे एक अन्य ट्रक को भी टक्कर मार दी।
इस हादसे में ट्रेलर और बीयर से भरा ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रक में रखी बीयर की पेटियां सड़क पर गिरने से सैकड़ों बोतलें टूट गईं और बीयर सड़क पर फैल गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी भी वाहन चालक को चोट नहीं आई। हाईवे पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया और टूटे हुए कांच तथा सड़क पर फैली बीयर की सफाई कराई। इसके बाद करीब एक घंटे में मुंबई की ओर जाने वाला यातायात फिर से सामान्य हो गया।
