नवी मुंबई में फिर स्टंटबाजी; चलती कार से खतरनाक वीडियो शूट
नवी मुंबई ।नवी मुंबई में एक बार फिर खतरनाक स्टंटबाजी का मामला सामने आया है, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। सायन–पनवेल हाईवे पर चलती कार से एक युवक द्वारा खिड़की से बाहर निकलकर वीडियो शूट करने का सनसनीखेज वीडियो सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक तेज रफ्तार कार की खिड़की से आधा बाहर निकलकर सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों के वीडियो बना रहा था। उस समय सायन–पनवेल मार्ग पर भारी ट्रैफिक था, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोगों में आक्रोश और चिंता दोनों देखने को मिल रहे हैं। ऐसे खतरनाक स्टंट न केवल संबंधित युवक की जान जोखिम में डालते हैं, बल्कि अन्य वाहन चालकों और यात्रियों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं।
अब सवाल उठ रहा है कि इस तरह की लापरवाही पर पुलिस क्या कार्रवाई करेगी। नागरिकों ने मांग की है कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर जानलेवा स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।फिलहाल यह वीडियो पुलिस के संज्ञान में आ चुका है और मामले की जांच जारी है।
