होर्डिंग के लिए पेड़ों की ‘रात में छंटाई’!
नवी मुंबई | एपीएमसी कांदा-बटाटा और फल मार्केट परिसर में कर्मानी एडवर्टाइजिंग की ओर से लगाए गए होर्डिंग के लिए कथित तौर पर रास्ते में आ रहे आठ से अधिक पेड़ों की रात के अंधेरे में बिना अनुमति बुरी तरह छंटाई किए जाने का आरोप सामने आया है। पेड़ों की इस कथित कटाई -छंटाई को लेकर परिसर में सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि होर्डिंग स्पष्ट दिखाई दे, इसके लिए पेड़ों की बड़ी-बड़ी शाखाओं को काटकर उन्हें नुकसान पहुंचाया गया। यदि पेड़ों की छंटाई के लिए संबंधित विभाग से आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी, तो यह गंभीर मामला हो सकता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि रात के समय एपीएमसी परिसर में सुरक्षा रक्षक तैनात होने के बावजूद पेड़ों को नुकसान पहुंचाने का काम कैसे हुआ? सुरक्षा व्यवस्था की मौजूदगी में यह गतिविधि किसकी जानकारी में हुई, इसे लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।एपीएमसी सचिव राजाराम धोंडकर ने बताया कि मामले में जांच का आदेश दिया गया है साथ एपीएमसी पुलिस और नवी मुंबई मनपा पर्यावरण विभाग को इस संदर्भ में शिकायत दी गई ।दोषी लोगों पर कार्रवाई किया जाएगा ।
