एक्सपायरी डेट, मैन्युफैक्चरिंग डेट और खाद्य सामग्री की जानकारी में कथित हेरफेर कर तैयार किए जा रहे थे उत्पाद
तुर्भे MIDC में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की बड़ी कार्रवाई; ‘साधना एंटरप्राइज’ का लाइसेंस रद्द
तुर्भे पुलिस स्टेशन में 13 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज
नवी मुंबई के तुर्भे MIDC क्षेत्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने साधना एंटरप्राइज के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने कंपनी से 4,942 कार्टन खाद्य सामग्री जब्त की, जिसकी बाजार कीमत करीब 75 लाख 21 हजार रुपये बताई गई है।
जांच के दौरान करीब 30 हजार रुपये का बिना लेबल और एक्सपायरी डेट समाप्त हो चुका माल भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। मामले में साधना एंटरप्राइज के मालिक और साझेदारों के खिलाफ तुर्भे MIDC पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। साथ ही कंपनी का लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया है।
FDA की कार्रवाई में यह कथित तौर पर सामने आया कि कंपनी में बड़े पैमाने पर खाद्य पदार्थों की री-पैकिंग और लेबलिंग कर जानकारी में हेरफेर किया जा रहा था। खाद्य उत्पादों पर अंकित मूल मैन्युफैक्चरिंग डेट और एक्सपायरी डेट बदलकर नई तारीखें लगाई जा रही थीं। इतना ही नहीं, पैकेट पर उत्पाद में शामिल सामग्री की जानकारी में भी कथित तौर पर बदलाव किया जा रहा था।
जांच के अनुसार, पैकेजिंग में फेरबदल के बाद इन खाद्य उत्पादों को दोबारा बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान आलू चिप्स, कॉर्न स्नैक्स, कुरकुरे, इंस्टेंट नूडल्स, रेडी-टू-ईट पनीर टिक्का, दम आलू, रसोई पनीर भुर्जी, रसोई दाल मखनी, मेयोनीज तथा थम्स अप और अन्य शीतपेय बरामद किए गए।नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले व्यक्ति या संस्थाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ऐसा चेतावनी भरा संदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने दिया है।
