ठाणे के नए कलवा ब्रिज पर दर्दनाक हादसा! नगरसेवक के भतीजे पर तेज रफ्तार कार से बुजुर्ग ऑटो चालक को टक्कर मारने का आरोप
ठाणे के कलवा इलाके में गोडबंदर रोड से ठाणे-बेलापुर रोड की ओर जाने वाले नए कलवा ब्रिज पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। आरोप है कि तेज रफ्तार कार ने एक बुजुर्ग ऑटो चालक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बुजुर्ग ऑटो चालक की आंख पर गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि कार चला रहा युवक केडीएमसी के एक नगरसेवक का भतीजा है और कार में उसके साथ एक अन्य युवक भी मौजूद था। वाहन पर नगरसेवक का स्टिकर लगा होने की बात भी सामने आई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का सवाल है कि आखिर तेज रफ्तार और कथित वीआईपी पहचान वाले वाहनों पर कार्रवाई कब होगी? स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और क्या घायल ऑटो चालक को न्याय मिल पाता है।
