चरित्र पर शक में पति ने पत्नी और सास की चाकू मारकर हत्या; नेरुल पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
नवी मुंबई। नेरुल क्षेत्र में चरित्र पर संदेह के चलते हुए दोहरे हत्याकांड की सनसनीखेज घटना सामने आई है। 28 वर्षीय युवक ने कथित रूप से अपनी पत्नी और सास पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही नेरुल पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की आगे की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी और उसकी पत्नी ने करीब चार वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों का एक बेटा भी है। विवाह के बाद दंपति नेरुल में रह रहे थे, जबकि आरोपी का परिवार मुंबई में रहता है। पिछले लगभग एक वर्ष से पत्नी के चरित्र को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहा था। पारिवारिक तनाव बढ़ने के कारण आरोपी कुछ समय पहले अपने माता-पिता के पास रहने चला गया था, हालांकि वह समय-समय पर पत्नी से मिलने नेरुल आता रहता था। हर मुलाकात के दौरान दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है।
रविवार को आरोपी एक बार फिर पत्नी के घर पहुंचा। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में चाकू निकालकर पत्नी पर कई वार कर दिए। पत्नी को बचाने के लिए बीच-बचाव करने आई उसकी सास पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही नेरुल पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। सहायक पुलिस आयुक्त मयूर भुजबल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और चरित्र पर संदेह हत्या का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
बाइट: मयूर भुजबल, सहायक पुलिस आयुक्त, नेरुल
