सिवुड्स ट्रैफिक शाखा की सतर्कता से बड़ा खुलासा; दुर्घटनाग्रस्त कार से अफीम, पिस्तौल और केमिकल बरामद

नवी मुंबई के सिवुड्स ट्रैफिक विभाग की मुस्तैदी के चलते एक गंभीर मामला सामने आया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मोहिनी लोखंडे और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक दुर्घटनाग्रस्त कार से भारी मात्रा में अफीम, पिस्तौल और संदिग्ध केमिकल बरामद किया है, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तड़के अक्षर सिग्नल के पास एक सफेद रंग की MG हेक्टर कार के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना रात्रि गश्त कर रही टीम को मिली। मौके पर पहुंचने पर वाहन डिवाइडर से टकराई हुई हालत में मिला। दुर्घटना के बाद कार में सवार व्यक्ति वाहन छोड़कर फरार हो गए थे।
संदेह के आधार पर पुलिस ने वाहन की विस्तृत तलाशी ली, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। कार की पिछली सीट से लगभग 10 से 15 किलो अफीम जैसा पदार्थ बरामद हुआ। वहीं, आगे के हिस्से में बने ड्रॉवर से एक पिस्तौल, उसमें छह जिंदा कारतूस तथा करीब 20 से 25 किलो संदिग्ध केमिकल भी मिला।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मोहिनी लोखंडे के नेतृत्व में सिवुड्स ट्रैफिक टीम की सतर्कता के कारण यह मामला तुरंत उजागर हो सका। बरामद वाहन और सामान को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस थाने को सौंप दिया गया है।
इस घटना के बाद नवी मुंबई में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस द्वारा व्यापक खोज अभियान चलाया जा रहा है।
