मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना: विक्रोली में 350 टन का कटरहेड उतारा गया
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हुआ है। मुंबई के विक्रोली में टनल बोरिंग मशीन (TBM) का पहला कटरहेड सफलतापूर्वक नीचे उतारा गया। 13.6 मीटर व्यास और करीब 350 टन वजन वाला यह हिस्सा TBM की मुख्य शील्ड की प्रारंभिक असेंबली का अंतिम चरण माना जा रहा है।
फिलहाल 3,000 टन से अधिक वजन वाली दो TBM मशीनों की जोड़ाई (असेंबली) का काम जारी है। ये मशीनें मुंबई में 21 किमी लंबे सुरंग मार्ग में से 16 किमी हिस्से की खुदाई करेंगी। इसमें ठाणे खाड़ी के नीचे बनने वाली 7 किमी लंबी भारत की पहली अंडरसी (समुद्र के नीचे) रेलवे सुरंग भी शामिल है। इस परियोजना में देश में पहली बार इतने बड़े आकार की TBM मशीन का उपयोग किया जा रहा है।
अभियांत्रिकी का अद्भुत नमूना – एक नजर में:
* 13.6 मीटर व्यास वाला यह कटरहेड हाई-स्पीड रेल की अप और डाउन दोनों लाइनों के लिए एक ही बड़ी सुरंग की खुदाई करेगा।
* 350 टन वजन लगभग 250 मध्यम आकार की SUV गाड़ियों के बराबर है।
* इसे पांच अलग-अलग हिस्सों में साइट पर लाकर 1,600 किलो उच्च-प्रिसिजन वेल्डिंग से जोड़ा गया।
* इसमें 84 कटिंग डिस्क, 124 स्क्रेपर्स और 16 बकेट लिप्स लगाए गए हैं, जो खुदाई के दौरान मिट्टी और चट्टानों को काटकर बाहर निकालते हैं।
कैसे काम करता है कटरहेड?
कटिंग डिस्क चट्टानों को काटने का मुख्य काम करती हैं। इसके बाद स्क्रेपर्स मिट्टी और पत्थरों को साफ करते हैं। बकेट लिप्स के जरिए यह मलबा मशीन के मक्क चेंबर में जाता है, जहां से पाइपलाइन सिस्टम के माध्यम से उसे सुरंग के बाहर निकाला जाता है।
यह TBM विक्रोली से लगभग 6 किमी का सफर तय करते हुए घनी आबादी वाले इलाकों और मिठी नदी के नीचे से गुजरकर बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित निर्माणाधीन बुलेट ट्रेन स्टेशन तक पहुंचेगी।
सुरक्षा के लिए आधुनिक निगरानी प्रणाली
सुरंग निर्माण के दौरान आसपास की इमारतों और संरचनाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अत्याधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम लगाए गए हैं। इनमें Surface Settlement Points (SSP), Optical Displacement Sensors (ODS), Tilt Meters, BRT (3D Targets), स्ट्रेन गेज और भूकंपीय गतिविधि मापने के लिए Seismograph (PPV मॉनिटर) शामिल हैं।
यह परियोजना भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर और इंजीनियरिंग क्षेत्र में एक नई उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।
