सोसायटी में बिल्ली को प्लास्टिक की थैली में भरकर फेंकने का मामला, CCTV में कैद
नवी मुंबई के खारघर सेक्टर-19 स्थित आदित्य हाइट्स सोसायटी से पशु क्रूरता का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोसायटी के एक निवासी पर बिल्ली के साथ अमानवीय व्यवहार करने का आरोप लगा है। जानकारी के अनुसार, एक बिल्ली को प्लास्टिक की थैली में भरकर अज्ञात स्थान पर फेंक दिया गया।
यह पूरी घटना सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें कथित तौर पर बिल्ली को प्लास्टिक की थैली में डालते हुए देखा जा सकता है।
घटना सामने आने के बाद सोसायटी के अन्य निवासियों और पशु प्रेमियों में भारी नाराज़गी है। उन्होंने बिल्ली के साथ कथित क्रूरता करने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल सोसायटी के निवासी उस पालतू बिल्ली की तलाश कर रहे हैं। मामले की शिकायत खारघर पुलिस स्टेशन में दर्ज करा दी गई है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।
