विश्व मादक पदार्थ विरोधी दिवस पर 56 करोड़ रुपये के ड्रग्स नष्ट, ‘नशामुक्त नवी मुंबई’ अभियान को मिली मजबूती
नवी मुंबई। विश्व मादक पदार्थ विरोधी दिवस के अवसर पर नवी मुंबई पुलिस ने “नशामुक्त नवी मुंबई” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तळोजा स्थित मुंबई वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी में करीब 56 करोड़ रुपये मूल्य के जब्त मादक पदार्थों को वैज्ञानिक तरीके से नष्ट किया।
युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभिन्न मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का निर्धारित नियमों के तहत सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से निपटान किया गया।
नवी मुंबई पुलिस ने इस अवसर पर नागरिकों से अपील की कि वे नशीले पदार्थों से दूर रहें और यदि कहीं मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी या सेवन की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही मुहिम को और मजबूती मिलेगी तथा युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता बढ़ेगी।
बाइट: मिलिंद भारंबे, पुलिस आयुक्त, नवी मुंबई पुलिस।
