घणसोली की हाउसिंग सोसायटी ने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों पर बिना अनुमति घरों में प्रवेश कर फोटो लेने का लगाया आरोप, अग्निशमन विभाग के अधिकारी के अवैध निर्माण बचाने के लिए दबाव बनाने के लिए भेजे जवान, पद का दुरुपयोग का आरोप
नवी मुंबई। घणसोली स्थित अंबे प्रेरणा को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी लिमिटेड, प्लॉट क्रमांक 8, सेक्टर-3 के सदस्यों ने अग्निशमन विभाग के कुछ अधिकारियों के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।
सोसायटी के अनुसार, 4 जून 2026 को अग्निशमन विभाग के कुछ अधिकारी कथित अवैध निर्माण की जांच के उद्देश्य से सोसायटी के ‘ए’ विंग में पहुंचे थे। शिकायत के अनुसार, अधिकारियों ने लगभग 4 से 5 फ्लैटों का दौरा किया। उस समय संबंधित घरों में मुख्य रूप से महिलाएं और नाबालिग बच्चे मौजूद थे।
सोसायटी सदस्यों का आरोप है कि महिलाओं ने अधिकारियों से जांच संबंधी आदेश, प्राधिकरण पत्र अथवा किसी सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी लिखित अनुमति पत्र दिखाने का अनुरोध किया था। हालांकि, अधिकारियों द्वारा कोई दस्तावेज प्रस्तुत किए बिना संबंधित घरों में प्रवेश कर छायाचित्र लिए गए।
सोसायटी के पदाधिकारियों और सदस्यों का कहना है कि इस घटना से महिलाओं और परिवारों की निजता प्रभावित हुई है तथा इससे नागरिकों के अधिकारों को लेकर कई सवाल खड़े हुए हैं। सदस्यों ने यह भी प्रश्न उठाया है कि अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को कथित अवैध निर्माण संबंधी जांच के लिए किस प्राधिकरण के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।
सोसायटी ने मांग की है कि पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, जांच के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया की समीक्षा की जाए तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए।
सोसायटी के प्रतिनिधियों ने कहा कि वे इस मामले में संबंधित विभाग और प्रशासन से पारदर्शी जांच की अपेक्षा रखते हैं ताकि नागरिकों का विश्वास कायम रहे।
