लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मौलाना अबुल कलाम आज़ाद को पुष्पांजलि अर्पित की

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज बुधवार को मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की जयंती के अवसर पर संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। मौलाना अबुल कलाम आज़ाद के चित्र का अनावरण तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद द्वारा 16 दिसंबर, 1959 को संविधान सदन (पूर्ववर्ती संसद भवन) के केंद्रीय कक्ष में किया गया था।
इस अवसर पर केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, संसद सदस्यगण एवं पूर्व संसद सदस्यों ने भी मौलाना अबुल कलाम आज़ाद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह तथा राज्यसभा महासचिव पी.सी. मोदी ने भी मौलाना अबुल कलाम आज़ाद को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर समारोह में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों को लोकसभा सचिवालय द्वारा हिंदी एवं अंग्रेजी में प्रकाशित मौलाना अबुल कलाम आज़ाद के जीवन-वृत्त पर आधारित पुस्तिका भी भेंट की गई।
वहीं, सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर बिरला ने एक पोस्ट में लिखा कि स्वाधीनता संग्राम के ओजस्वी सेनानी, महान शिक्षाविद् एवं स्वतंत्र भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री ‘भारत रत्न’ मौलाना अबुल कलाम आज़ाद जी की जयंती पर शत्-शत् नमन। आज संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्रनिर्माण, शिक्षा और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण किया। उनके विचार और आदर्श सदैव राष्ट्र का मार्ग प्रशस्त करते रहेंगे।
