ब्रेकिंग न्यूज़ रामपुर
शादी से लौट रहे परिवार पर काल बनी तेज रफ्तार पिकअप, दो मासूम भाइयों की मौत, बहन की हालत नाजुक
शाहबाद में शादी से लौट रहे परिवार पर तेज रफ्तार पिकअप काल बनकर टूटी, जिसमें दो मासूम भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। माता-पिता और बहन गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ई-रिक्शा चालक को भी चोटें आईं हैं।
सुबह हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। ढकिया-आसफपुर मार्ग पर गेहूं से भरी तेज रफ्तार पिकअप ने एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में दो मासूम भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। दंपती और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बदायूं जिले के बिसौली थाना क्षेत्र के गांव मुड़िया पीशनहारी निवासी खुर्शीद खां अपनी पत्नी शकीना और बच्चों आविद (12), नावेद (14) तथा अरमाना (15) के साथ कोतवाली क्षेत्र के गांव नंदगांव स्थित अपनी ससुराल में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने आए थे। रविवार को उनकी चचेरी साली की शादी थी।
विवाह समारोह के बाद परिवार ससुराल में ही रुका हुआ था। मंगलवार सुबह सभी लोग ई-रिक्शा से अपने घर लौट रहे थे। गांव का ही ई-रिक्शा चालक मुनाजिर उन्हें बदायूं जिले के आसफपुर तक छोड़ने जा रहा था। वहां से उन्हें बदायूं के लिए बस पकड़नी थी। जैसे ही ई-रिक्शा ढकिया गांव के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही गेहूं से लदी तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी।
रिपोर्टर परवेज़ अली रामपुर यूपी
