पनवेल पुलिस की बड़ी कार्रवाई! 1.22 करोड़ रुपये का माल शिकायतकर्ताओं को लौटाया
48 मामलों का खुलासा; 129 ग्राम सोना, 47 तोला चांदी, 140 मोबाइल और 8 वाहन लौटाए गए
पनवेल : नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय के परिमंडल-3, पनवेल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न अपराधों में बरामद करीब 1 करोड़ 22 लाख 94 हजार 267 रुपये का मुद्देमाल शिकायतकर्ताओं और फरियादियों को वापस सौंप दिया। इस कार्रवाई में कुल 48 मामलों का खुलासा करते हुए चोरी हुए सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, वाहन और नकदी उनके असली मालिकों तक पहुंचाई गई।
डीसीपी रश्मि नांदेडकर ने बताया कि
पनवेल शहर सहित पनवेल तालुका, खांदेश्वर, कामोठे, कलंबोली, खारघर और तलोजा पुलिस थाना क्षेत्रों में दर्ज विभिन्न अपराधों में चोरी हुए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस ने विशेष प्रयास किए। इन प्रयासों के तहत पुलिस ने 129 ग्राम सोना, 47 तोला चांदी, 8 वाहन और 140 मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया।
इसके अलावा 17 लाख 34 हजार 700 रुपये की नकद राशि भी संबंधित शिकायतकर्ताओं को वापस की गई। लंबे समय से अपने कीमती सामान की वापसी का इंतजार कर रहे नागरिकों को राहत मिली है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त, परिमंडल-3, पनवेल तथा पनवेल और खारघर विभाग के सहायक पुलिस आयुक्तों के मार्गदर्शन में संबंधित पुलिस थानों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने की।
बरामद सामान वापस मिलने पर शिकायतकर्ताओं ने संतोष व्यक्त करते हुए पुलिस का आभार माना। पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी और अन्य अपराधों के मामलों में बरामद संपत्ति को उसके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने के प्रयासों को मजबूती मिली है।
