नवी मुंबई ब्रेकिंग: सस्ते लोन का झांसा, लाखों की ठगी! फर्जी कॉल सेंटर पर पुलिस का धावा
नवी मुंबई।लोन चाहिए? बस कुछ कॉल और दस्तावेज… फिर शुरू होता था ठगी का खेल! सस्ते और आसान कर्ज का लालच देकर नागरिकों की जेब खाली करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पनवेल पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है।
करंजाडे के एक किराए के फ्लैट में बाकायदा फर्जी कॉल सेंटर खोलकर ठगी का धंधा चलाया जा रहा था। पुलिस ने छापा मारकर चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय बाबू भंडारी (36), तुषार अरुण पिंगले (34), रोहित रंगप्पा गौड़ा (21) और दर्शन उमाशंकर (21) के रूप में हुई है।
आरोपी खुद को अलग-अलग फाइनेंस कंपनियों का अधिकारी बताकर लोगों को बड़ी रकम का लोन मंजूर कराने का झांसा देते थे। पहले लोन का लालच… फिर प्रोसेसिंग फीस, इंश्योरेंस, GST और होल्डिंग चार्ज के नाम पर लगातार पैसे ऐंठे जाते थे।
पुलिस ने करंजाडे स्थित नीलगिरी अपार्टमेंट के रूम नंबर 401 पर छापा मारकर पूरा फर्जी सेटअप जब्त कर लिया।
कार्रवाई में 3 लैपटॉप, 15 मोबाइल, 7 डेबिट कार्ड, 31 सिम कार्ड, हिसाब-किताब की 2 कॉपियां, डायरी, वाई-फाई राउटर, नेटवर्क टर्मिनल और ₹74,400 नकद बरामद हुए। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब ₹3.95 लाख बताई गई है।
अब असली सवाल यह है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को लूटा? और क्या इस फर्जी कॉल सेंटर का नेटवर्क महाराष्ट्र से बाहर दूसरे राज्यों तक फैला है?
पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पूछताछ में ठगी के और भी राज खुलने की संभावना है।
लोन के नाम पर ठगी का कारोबार चला रहे थे ये आरोपी… लेकिन पुलिस ने पूरा खेल ही पलट दिया!
बाइट — मयूर भुजबल, सहायक पुलिस आयुक्त, पनवेल
