दिघा के खांडी धरण (मोगली डैम) में फिर एक व्यक्ति की डूबने से मौत, सुरक्षा उपायों पर उठे सवाल
नवी मुंबई: दिघा स्थित खांडी धरण (मोगली डैम) में एक बार फिर डूबने से मौत की घटना सामने आई है। सोमवार, 8 जून को तालाब में एक व्यक्ति का शव पानी में तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने पानी में शव फूला हुआ देखकर इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों और पुलिस को दी।
गौरतलब है कि महज एक सप्ताह पहले ही इसी स्थान पर ठाणे के एक युवक की डूबने से मौत हुई थी। उस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी देखने को मिली थी। नागरिकों के रोष को देखते हुए नवी मुंबई महानगरपालिका की उपमहापौर सुजाता पाटील ने घटनास्थल का दौरा किया था और तत्काल सुरक्षा रक्षक तैनात करने तथा रेलवे प्रशासन की अनुमति लेकर सुरक्षा दीवार निर्माण कराने का आश्वासन दिया था।
हालांकि, आश्वासन के बावजूद कोई ठोस कदम उठाए जाने से पहले ही एक और व्यक्ति की जान चली गई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
आरपीआई के समाजसेवक सागर सोनकांबळे ने प्रशासन से इस क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से ठोस सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा रक्षक, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा दीवार जैसी व्यवस्थाएं जल्द से जल्द की जानी चाहिए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा मृतक की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
