CWG 2026: भारतीय एथलीट गुलवीर सिंह ने 10,000 मीटर दौड़ में सिल्वर जीतकर रचा इतिहास, बोले – “हम प्लान पर टिके रहते हैं”

भारतीय एथलीट गुलवीर सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में शानदार सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। यह उपलब्धि इसलिए खास है क्योंकि CWG के इतिहास में इस इवेंट में कोई भारतीय कभी पोडियम तक नहीं पहुंचा था। गुलवीर इस मेडल के साथ पहले भारतीय बन गए हैं। इस मेडल के साथ गुलवीर ने एशियन गेम्स के ब्रॉन्ज और एशियन चैंपियनशिप में जीते दो गोल्ड मेडल के बाद कॉमनवेल्थ गेम्स का मेडल भी अपने नाम कर लिया।
भारत के इस बेहतरीन लॉन्ग-डिस्टेंस रनर ने किया शानदार प्रदर्शन
मंगलवार रात ग्लासगो में हुई दौड़ में गुलवीर सिंह ने 27:49.78 मिनट का समय निकाला। उन्होंने दौड़ के आखिरी लैप में जबरदस्त स्पीड दिखाई और ऑस्ट्रेलिया के काई रॉबिन्सन के बाद दूसरा स्थान हासिल किया। आइल ऑफ मैन के डेविड मुल्लार्की ने ब्रॉन्ज मेडल जीता, जबकि पारंपरिक ताकतवर देश केन्या और युगांडा के धावक पोडियम तक नहीं पहुंच सके।
इन्हें दिया सफलता का श्रेय
गुलवीर सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, कोच की गाइडेंस और अनुशासन को दिया। उन्होंने कहा, “मैंने जितनी मेहनत की है, उसके हिसाब से हमें मेडल लाना ही था। मेरे दिमाग में बस यही बात थी… कड़ी ट्रेनिंग के मामले में, हम बस कोच के निर्देशों का पालन करते हैं। अगर कोच कहते हैं कि आज कोई खास वर्कआउट करना है, जैसे दस किलोमीटर दौड़ना है, तो हम ठीक वैसा ही करते हैं; हम प्लान पर टिके रहते हैं और कोच की गाइडेंस से भटकते नहीं हैं।”
अंतिम लैप में तीसरे स्थान से आगे निकलकर सिल्वर मेडल पर जमाया कब्जा
बारिश के बीच हुई इस दौड़ में गुलवीर ने पूरे समय धैर्य बनाए रखा। ज्यादातर समय ग्रुप के साथ रहे और अंतिम लैप में तीसरे स्थान से आगे निकलकर सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया। यह मेडल हाल के वर्षों में भारत के उभरते लॉन्ग डिस्टेंस रनर गुलवीर सिंह की लगातार बढ़ती ताकत को दिखाता है।
भारतीय लॉन्ग डिस्टेंस एथलेटिक्स के लिए बड़ा मील का पत्थर
नेशनल रिकॉर्ड होल्डर गुलवीर अब CWG 2026 में भारत की मेडल टैली में अहम योगदान देने वाले एथलीट बन गए हैं। यह जीत न सिर्फ गुलवीर की मेहनत का नतीजा है, बल्कि भारतीय लॉन्ग डिस्टेंस एथलेटिक्स के लिए भी एक बड़ा मील का पत्थर साबित हुई है
