CWG 2026: नीरज चोपड़ा, रोहित यादव और यश वीर सिंह ने किया कमाल, जैवलिन फाइनल में पहुंचे तीनों भारतीय

तेज हवाओं से प्रभावित मुश्किल क्वालिफिकेशन राउंड में भारतीय जैवलिन स्टारों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पुरुषों के जैवलिन थ्रो फाइनल में जगह पक्की कर ली। नीरज चोपड़ा, रोहित यादव और यश वीर सिंह — तीनों भारतीय एथलीट्स फाइनल में पहुंचकर भारत के लिए मेडल की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने पहले प्रयास में 76.28 मीटर का थ्रो किया, जो काफी साधारण रहा। लेकिन दूसरे प्रयास में उन्होंने शानदार सुधार दिखाते हुए 79.61 मीटर का थ्रो फेंका और क्वालिफिकेशन में पांचवें स्थान पर जगह बनाई। इसके बाद उन्होंने अपना तीसरा प्रयास नहीं किया।
वहीं यश वीर सिंह ने अपने अंतिम प्रयास में 78.36 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया और 10वें स्थान पर रहते हुए फाइनल में एंट्री हासिल की। वहीं, रोहित यादव ने दूसरे प्रयास में 78.37 मीटर का थ्रो फेंककर नौवें स्थान पर क्वालिफाई किया।
क्वालिफिकेशन राउंड में श्रीलंका के रुमेश पथिरागे ने 82.84 मीटर के थ्रो के साथ टॉप किया। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स (81.29 मीटर) दूसरे और दक्षिण अफ्रीका के डौव स्मिट (80.64 मीटर) तीसरे स्थान पर रहे। पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम 78.63 मीटर के साथ सातवें स्थान पर रहे। तीनों भारतीयों का क्वालिफाई करना भारत के लिए बड़ी खुशखबरी है। खासकर नीरज चोपड़ा की मौजूदगी में भारत मेडल की मजबूत दावेदारी रखता है।
जैवलिन फाइनल अब बेहद रोमांचक होने वाला है। भारतीय एथलेटिक्स प्रशंसक अब फाइनल में नीरज, रोहित और यश वीर के प्रदर्शन का इंतजार कर रहे हैं। भारत की जैवलिन टीम ने CWG 2026 में एक बार फिर अपनी ताकत का लोहा मनवा दिया है
