चेंबूर के मैसूर कॉलोनी, मुकुंद नगर क्षेत्र में अवैध रूप से खड़े मेथेनॉल ऑयल के एक खाली टैंकर में वेल्डिंग के दौरान भीषण विस्फोट हो गया।



मुंबई, चेंबूर: चेंबूर के मैसूर कॉलोनी, मुकुंद नगर क्षेत्र में अवैध रूप से खड़े मेथेनॉल ऑयल के एक खाली टैंकर में वेल्डिंग के दौरान भीषण विस्फोट हो गया। इस हादसे में टैंकर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, MH 43 Y-8562 नंबर का मेथेनॉल ऑयल परिवहन करने वाला खाली टैंकर अवैध पार्किंग में खड़ा था। टैंकर की मरम्मत के दौरान वेल्डिंग का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान टैंकर के भीतर जमा ज्वलनशील गैस में अचानक विस्फोट हो गया।
विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पूरे इलाके में तेज धमाका सुनाई दिया और आसपास की इमारतें भी उसकी चपेट में आ गईं। हादसे के बाद एचपी नगर वेस्ट कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
विस्फोट के प्रभाव से आसपास की इमारतों को भी भारी नुकसान पहुंचा। सातवीं मंजिल तक कई फ्लैटों की खिड़कियों के शीशे टूट गए, जबकि घरों में लगे पंखे और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस उपायुक्त (जोन-6) समीर शेख ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से हादसे की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
इस बीच स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि इस क्षेत्र में लंबे समय से टैंकरों की अवैध पार्किंग की शिकायत संबंधित विभागों से की जा रही थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण यह बड़ा हादसा हुआ।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि विस्फोट का वास्तविक कारण क्या था, सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं तथा अवैध पार्किंग के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।
