वेश्यावृत्ति रैकेट का भंडाफोड़, 4 पीड़ित महिलाओं को छुड़ाया; नवी मुंबई क्राइम ब्रांच की कार्रवाई

cennews.in By cennews.in
2 Min Read

वेश्यावृत्ति रैकेट का भंडाफोड़, 4 पीड़ित महिलाओं को छुड़ाया; नवी मुंबई क्राइम ब्रांच की कार्रवाई
नवी मुंबई : नवी मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देह व्यापार में फंसी 4 पीड़ित महिलाओं को मुक्त कराया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे, संयुक्त पुलिस आयुक्त संजय येनपुरे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) दीपक साकोरे तथा पुलिस उपायुक्त (क्राइम ब्रांच) सचिन गुंजाळ के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पृथ्वीराज घोरपडे को 6 मई को गुप्त सूचना मिली थी कि अनवर शेख नामक व्यक्ति नवी मुंबई क्षेत्र में ग्राहकों को लॉज में लड़कियां उपलब्ध कराता है और इसके बदले 20 हजार रुपये वसूलता है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने एक फर्जी ग्राहक को नेरूल स्थित द ब्लेस फुल स्टे लॉजिंग एंड बोर्डिंग भेजा। ग्राहक के संकेत मिलते ही रात 11:16 बजे पुलिस टीम ने लॉज पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान 4 पीड़ित महिलाओं को छुड़ाया गया।
जांच में सामने आया कि मोहम्मद हनीफ रजफ ब्यारी, अनवर आलम इसाक शेख और लॉज मैनेजर राजेश सदानंद ढवले आपस में मिलकर महिलाओं को देह व्यापार के लिए लॉज में लाते थे। आरोपियों द्वारा पीड़ित महिलाओं के जरिए ग्राहकों से 20 हजार रुपये लिए जाते थे।
इस मामले में नेरूल पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 143(3), 3(5) तथा अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 18 के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें 11 मई 2026 तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है। मामले की आगे की जांच नेरूल पुलिस कर रही है।
यह कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त धर्मपाल बनसोडे के मार्गदर्शन में की गई।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *