तलाब में डूबने से तीन नाबालिग लड़कियों की मौत, उरण के जासई गांव में दर्दनाक हादसा
नवी मुंबई/उरण: उरण तालुका के जासई गांव में एक हृदयविदारक हादसे में तीन नाबालिग लड़कियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। मृतकों में दो सगी बहनें भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, जासई गांव स्थित बड़े तालाब पर एक महिला कपड़े धोने के लिए गई थी। इसी दौरान तालाब के किनारे खेल रही तीन बच्चियां अचानक पानी में डूबने लगीं। बच्चियों को बचाने के प्रयास में उनकी मां भी तालाब में कूद गई, लेकिन वह भी डूबने लगी।
स्थिति गंभीर होते देख एक स्थानीय ग्रामीण ने साहस दिखाते हुए महिला को तालाब से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, पानी में डूब रही तीनों बच्चियों को बचाया नहीं जा सका और उनकी मौत हो गई।
मृत बच्चियों की पहचान रेहाना परवीन (8 वर्ष), रविना परवीन (7 वर्ष) और सौम्या प्रजापति (13 वर्ष) के रूप में हुई है। इनमें रेहाना और रविना सगी बहनें थीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मामले की संबंधित पुलिस थाने में दर्ज कर जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और गांव में शोक का माहौल है।
