कश्यपी बांध में दर्दनाक हादसा : गर्भवती पत्नी समेत चार लोगों की डूबने से मौत, मासूम बच्ची बची
नासिक जिले के त्र्यंबकेश्वर तालुका स्थित हरसूल रोड पर कश्यपी बांध परिसर में घूमने गए मखमलाबाद के चार लोगों की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में सचिन कैलास ठोंबरे (32), उनकी गर्भवती पत्नी रोहिणी सचिन ठोंबरे (27) तथा पड़ोस में रहने वाले केतन अनिल पवार (16) और कौशल्य अनिल पवार (14) की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, ठोंबरे परिवार छुट्टी मनाने के लिए कश्यपी बांध परिसर गया था। इसी दौरान सचिन ठोंबरे की दो वर्षीय बेटी पानी का अंदाजा न होने के कारण बांध की ओर बढ़ने लगी। बच्ची को बचाने के लिए सचिन ठोंबरे तुरंत उसकी ओर दौड़े, लेकिन गहरे पानी का अंदाजा न लगने से वे डूबने लगे।
उन्हें बचाने के प्रयास में उनकी पत्नी रोहिणी ठोंबरे तथा केतन और कौशल्य पवार भी पानी में उतर गए। दुर्भाग्यवश चारों गहरे पानी में डूब गए और उनकी मौत हो गई। घटनास्थल पर मौजूद संगीता घाडगे नामक महिला ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत पानी की ओर दौड़ लगाई और दो वर्षीय बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इससे मासूम की जान बच गई, लेकिन अन्य चार लोगों को बचाया नहीं जा सका।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत बांध में उतरकर खोज अभियान शुरू किया। कुछ समय बाद चारों के शव बाहर निकाले गए। इस दर्दनाक घटना से मखमलाबाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। फिलहाल चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नासिक जिला सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है।
नासिक से संदीप द्विवेदी की रिपोर्ट
