मुंबई । गोवंडी स्थित शिवाजी नगर बस डिपो में चार्जिंग गन पॉइंट की चोरी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यह मामला मंगलवार को हुई बेस्ट समिति की बैठक में सदस्य रमाकांत गुप्ता द्वारा उठाए गए हरकत के मुद्दे के माध्यम से उजागर हुआ।
जानकारी के अनुसार, शिवाजी नगर बस डिपो में इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करने के लिए कुल 40 चार्जिंग गन पॉइंट लगाए गए हैं, जिनमें से 10 गन पॉइंट चोरी हो चुके हैं। एक चार्जिंग गन पॉइंट की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है, जिससे इस चोरी से हुए आर्थिक नुकसान का अंदाजा लगाया जा सकता है।
इस घटना के बाद डिपो की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया गया है कि डिपो के आसपास की कंपाउंड वॉल को पार कर कुछ असामाजिक तत्व अंदर प्रवेश करते हैं और चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इतना ही नहीं, जब सुरक्षाकर्मी उन्हें रोकने की कोशिश करते हैं, तो वे उन पर पत्थरबाजी भी करते हैं।
इस मामले पर बेस्ट उपक्रम की महाव्यवस्थापक सोनिया सेठी ने जानकारी दी कि डिपो के चारों ओर ऊंची कंपाउंड वॉल बनाई जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। साथ ही, इस मामले में 15 दिनों के भीतर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है।
गौरतलब है कि बेस्ट उपक्रम अपने बेड़े में पर्यावरण के अनुकूल इलेक्ट्रिक बसों को शामिल कर रहा है, जिसके लिए विभिन्न डिपो में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है। शिवाजी नगर डिपो में भी इसी उद्देश्य से चार्जिंग पॉइंट स्थापित किए गए हैं।
इसके अलावा, यह भी बताया गया कि डिपो की जगह बेस्ट की है, लेकिन वहां चलने वाली बसें टाटा मोटर्स की हैं, जिसकी देखरेख कंपनी द्वारा की जाती है। ऐसे में टाटा मोटर्स को भी सुरक्षा बढ़ाने और सुरक्षाकर्मियों की संख्या में वृद्धि करने के निर्देश दिए गए हैं।
