टीकमगढ़ की पुरानी नजाई मंडी का जिला कलेक्टर ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
टीकमगढ़। शहर की पुरानी नजाई स्थित सब्जी एवं गल्ला मंडी में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने को लेकर जिला प्रशासन अब सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिला कलेक्टर विवेक श्रोती ने मंडी का औचक निरीक्षण किया और मौके पर पहुंचकर किसानों, व्यापारियों एवं ग्राहकों से सीधे संवाद किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंडी में मौजूद किसानों और व्यापारियों से उनकी समस्याएं सुनीं तथा सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मंडी परिसर में पानी, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, टीन शेड और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर गंभीरता दिखाई।
कलेक्टर विवेक श्रोती ने नगर पालिका के सीएमओ को निर्देश दिए कि मंडी में आने वाले किसानों और ग्राहकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को शीघ्र दुरुस्त किया जाए। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए मंडी परिसर को व्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रतिपक्ष अभिषेक खरे रानू, मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदौरिया सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने कहा कि मंडी व्यवस्था को आधुनिक और सुविधाजनक बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि किसानों और आम नागरिकों को बेहतर वातावरण मिल सके।
