वाशी अस्पताल के बाहर शिवसैनिकों का हंगामा; मंत्री गणेश नाईक का विरोध
नवी मुंबई महानगरपालिका के वाशी स्थित प्रथम संदर्भ अस्पताल के बाहर आज शिवसैनिकों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। राज्य के वन मंत्री गणेश नाईक के कार्यक्रम का विरोध करते हुए शिवसैनिकों ने अस्पताल परिसर में आंदोलन किया।
अस्पताल में विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं के उद्घाटन कार्यक्रम के लिए मंत्री गणेश नाईक पहुंचने वाले थे। लेकिन कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही शिवसैनिक बड़ी संख्या में परिसर में एकत्र हुए और नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति निर्माण हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और प्रदर्शनकारियों को रोकते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया। घटनास्थल पर भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कार्यक्रम की पत्रिका में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का नाम शामिल नहीं किए जाने को लेकर शिवसैनिकों में नाराजगी थी। इसी मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किए जाने की बात सामने आ रही है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। मामले से जुड़ी अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
