ब्रेकिंग न्यूज़ रामपुर
रामपुर-भाखड़ा डैम के पास सड़क धंसी, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
आवागमन तत्काल रोका गया सुरक्षा के मद्देनजर लगातार निगरानी के निर्देश
रामपुर। तहसील बिलासपुर क्षेत्र में भाखड़ा डैम के निकट सड़क का एक हिस्सा अचानक धंसने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। सड़क धंसने की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) डॉ. नितिन मदान और संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थलीय निरीक्षण किया।
डीएम ने मौके पर पहुंचकर धंसी हुई सड़क की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित विभागीय अधिकारियों से सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से तथा उससे उत्पन्न संभावित जोखिम की जानकारी ली। आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने सड़क के धंसे हुए हिस्से के आसपास आवागमन तत्काल बाधित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर सतर्कता बरतने तथा क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सड़क की सुरक्षा और आवश्यक मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल कराने के निर्देश भी दिए। प्रशासन द्वारा पूरे मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है और सड़क की स्थिति को देखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
डीएम ने आमजन से अपील की कि भाखड़ा डैम के निकट धंसी हुई सड़क के हिस्से की ओर न जाएं और वहां से किसी भी प्रकार का आवागमन न करें। उन्होंने नागरिकों से प्रशासन द्वारा लगाए गए अवरोधों और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
रिपोर्टर परवेज़ अली रामपुर यूपी,,
