📍फर्जी ‘नागा साधुओं से सावधान !
नासिक पुलिस ने पकड़ा फर्जी बाबा
📍 # नासिक ओझर पुलिस ने मध्य प्रदेश से पकड़े ‘फर्जी नागा साधु’
📍₹2.80 लाख का सोना बरामद I
नासिक
ओझर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्थानीय निवासी के घर से सोने के आभूषण चोरी करने वाले दो आरोपियों को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपी ‘फर्जी नागा साधु’ का वेश धारण कर वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने 45 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का तकनीकी विश्लेषण कर आरोपियों का सुराग लगाया।
मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के पास से करीब ₹2.80 लाख कीमत का पिघला हुआ सोना बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को पिंपलगांव न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
यह घटना 22 जून 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे ओझर गांव स्थित पंचवट गणेश मंदिर के पास हुई थी। दो अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे थे और उन्होंने खुद को नागा साधु के रूप में पेश किया।
आरोपियों ने ओझर निवासी 45 वर्षीय राकेश शिवप्रसाद शर्मा को कथित तौर पर सम्मोहित या भ्रमित कर उनका ध्यान भटकाया और उनके पास से करीब दो तोले वजन की दो सोने की अंगूठियां, जिनकी कीमत लगभग ₹1 लाख थी, चोरी कर लीं।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में चिंता का माहौल बन गया था। इसके बाद ओझर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।
📍45 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से मिला सुराग –
मामले को गंभीरता से लेते हुए नासिक ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक डी.एस. स्वामी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमला और उपविभागीय पुलिस अधिकारी संजय बाम्बले ने मामले की गहन जांच के निर्देश दिए।
ओझर पुलिस थाने के प्रभारी महेश कुलकर्णी के मार्गदर्शन में विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम में पुलिस उपनिरीक्षक रविंद्र खाडे, पुलिस कांस्टेबल निलेश वाघ और पुलिस कांस्टेबल जितेंद्र बागुल शामिल थे।
जांच टीम ने घटनास्थल से लेकर आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाने के लिए 45 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपियों का सुराग मध्य प्रदेश तक पहुंचा।
इसके बाद 4 सितंबर को ओझर पुलिस की टीम ने मध्य प्रदेश के नर्मदा नदी के किनारे स्थित खलघाट (कसरावद) गांव में पहुंचकर आरोपियों की तलाश शुरू की।
📍भीख मांगते समय मुख्य आरोपी गिरफ्तार –
पुलिस ने 25 वर्षीय जालिमनाथ कालूनाथ को खलघाट गांव में भीख मांगते हुए हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस को उसके साथी के बारे में जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस ने करीब 26 किलोमीटर दूर स्थित एक अन्य गांव से 26 वर्षीय बंधननाथ मधुनाथ को भी हिरासत में लिया।
दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के कसरावद के रहने वाले बताए गए हैं।
📍 ₹2.80 लाख का पिघला हुआ सोना बरामद –
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब ₹2.80 लाख कीमत का पिघला हुआ सोना बरामद किया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को ओझर पुलिस थाने लाया गया।
दोनों आरोपियों को नासिक के पिंपलगांव न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
मामले की आगे की जांच ओझर पुलिस द्वारा की जा रही है।
नासिक से संदीप द्विवेदी की रिपोर्ट
