मंत्री गणेश नाइक ने ली मनपा अधिकारियों और नगरसेवकों की आपात बैठक
नवी मुंबई में मानसून पूर्व तैयारियों, फेरीवालों, भिखारी मुक्त शहर और अवैध निर्माण जैसे मुद्दों को लेकर मंत्री गणेश नाइक ने नवी मुंबई महानगरपालिका अधिकारियों और नगरसेवकों की आपात बैठक ली। बैठक में मनपा अधिकारी और नगरसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान गणेश नाइक ने विभिन्न मुद्दों पर अधिकारियों की कड़ी क्लास लेते हुए सभी विषयों को तत्काल हल करने के निर्देश मनपा आयुक्त को दिए। विशेष रूप से बारिश से पहले नालों और गटरों की सफाई कर गाद निकालने के आदेश दिए गए।
इस दौरान गणेश नाइक ने कहा कि कोऱ्या परिसर में मिट्टी के बड़े ढेर और मिट्टी का बहाव दिखाई दे रहा है, जिस पर तत्काल कार्रवाई जरूरी है। साथ ही खुले पड़े डिजिटल बोर्डों को लेकर भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि स्कूल शुरू होने से पहले सभी स्कूलों में लीकेज और अन्य समस्याओं की मरम्मत कर यह सुनिश्चित किया जाए कि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
भिखारियों के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि ट्रैफिक सिग्नलों पर भीख मांगने की अनुमति किसी को नहीं दी जानी चाहिए।
सिडको प्रशासन पर निशाना साधते हुए गणेश नाइक ने कहा, “सभी अधिकारी निकम्मे नहीं हैं, मैं ऐसा नहीं कह रहा हूं, लेकिन सिडको में कुछ अधिकारी निकम्मे हैं, यह मैं जिम्मेदारी से कह रहा हूं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि अपोलो हॉस्पिटल क्षेत्र में सिडको के भूखंड पर पेड़ काटे जा रहे हैं। वहीं महापौर बंगले के सामने की जमीन पर भी पेड़ों की कटाई हो रही है और नोटिस लगाकर जमीन बिल्डरों को सौंपने की साजिश चल रही है। “सिडको में बिल्डरों के दलाल बैठे हैं,” ऐसा आरोप भी उन्होंने लगाया।
अवैध निर्माण पर कार्रवाई को लेकर नाइक ने कहा, “जहां अवैध निर्माण है वहां आपका ध्यान नहीं जाता, लेकिन गरीबों की झोपड़ियां हटाने का पाप किया जाता है। सिडको में 20 प्रतिशत हलकट लोग हैं, लेकिन नवी मुंबई मनपा में भी ऐसे लोग मौजूद हैं।”
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को भी चेतावनी देते हुए कहा, “अगर भाजपा का कोई कार्यकर्ता अवैध निर्माण कर रहा है तो सबसे पहले उसे तोड़ो। शुरुआत मुझसे करो। जहां-जहां मेरे फोटो लगे हैं, वहां से कार्रवाई शुरू करो।”
बैठक में शहर के विभिन्न लंबित मुद्दों को जल्द से जल्द हल करने के लिए प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए।
