बारिश के दौरान दरवाजा बंद करने को लेकर यात्री की हत्या, सीसीटीवी वीडियो आया सामने
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन एक बार फिर अपराध की घटना से दहल उठी है। बारिश के बीच दरवाजा बंद करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि एक यात्री की जान चली गई। कांदिवली और बोरीवली स्टेशन के बीच चलती लोकल ट्रेन में एक युवक पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया है, जबकि रेलवे पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। आखिर लोकल ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा कितनी सुरक्षित है, यह घटना एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है।
मंगलवार देर रात पश्चिम रेलवे की लोकल ट्रेन में यात्रियों के बीच बारिश के दौरान दरवाजा बंद करने को लेकर विवाद शुरू हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहस कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। बताया जा रहा है कि कुछ यात्रियों ने आरोपी की पिटाई कर दी, जिससे वह और अधिक उग्र हो गया।
गुस्से में आरोपी ने अपने बैग से चाकू निकाला और मयंक लोहार नामक यात्री पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। चाकू के कई वार लगने से मयंक गंभीर रूप से घायल हो गए। चलती ट्रेन में हुई इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घायल यात्री को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस और जीआरपी हरकत में आ गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छह विशेष टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश जारी है।
बाइट:
दत्ता खुपरेकर, सीनियर पीआई, जीआरपी
फिलहाल बोरीवली जीआरपी पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। इस सनसनीखेज हत्या ने लोकल ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रोजाना लाखों यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने वाली मुंबई लोकल में यदि मामूली विवाद भी जानलेवा बन जाए, तो सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।
चलती ट्रेन में चाकूबाजी, एक यात्री की मौत और आरोपी अब तक फरार। मुंबई की लाइफलाइन में हुई इस वारदात ने यात्रियों के मन में डर पैदा कर दिया है। अब सभी की नजर पुलिस की कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी पर टिकी है।
