नासिक से चौंकाने वाली घटना
महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर परिवार का 15 किलोमीटर तक पीछा, कार में की तोड़फोड़
नासिक के इगतपुरी स्थित भावली डैम और झरने के पास रविवार को घूमने गए एक परिवार के साथ उस समय भयावह घटना घटी, जब महिला सदस्य से छेड़छाड़ का विरोध करने पर कुछ युवकों ने पूरे परिवार पर हमला कर दिया। आरोपियों ने परिवार की कार का करीब 15 किलोमीटर तक पीछा किया और उसमें जमकर तोड़फोड़ की।
जानकारी के अनुसार, भगवत परिवार की एक महिला सदस्य पर वहां मौजूद कुछ युवकों ने अश्लील इशारे किए, सीटी बजाई और उसके साथ छेड़छाड़ की। जब परिवार ने इसका विरोध किया तो आरोपी आक्रामक हो गए।
आरोपियों ने परिवार की कार का पीछा किया और लकड़ी के डंडों तथा लोहे की रॉड से हमला करने की कोशिश की। साथ ही उनकी कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
भगवत परिवार के अनुसार, हमला शुरू होते ही उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए मौके से कार दौड़ा दी। लेकिन आरोपी लगभग 10 से 15 किलोमीटर तक उनका पीछा करते रहे और कई जगह उन्हें रोककर हमला करने का प्रयास किया। इस घटना से पूरा परिवार दहशत में आ गया।
पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर नासिक में मामला दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल नासिक शहर और ग्रामीण पुलिस की संयुक्त टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। मामले की जांच जारी है।
नासिक से संदीप द्विवेदी की रिपोर्ट
