नवी मुंबई में साइबर ठगों पर बड़ा एक्शन!
फर्जी इंश्योरेंस कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार
नवी मुंबई। अगर कोई आपको सस्ते में मोटर इंश्योरेंस रिन्यू कराने का ऑफर दे रहा है, तो सावधान हो जाइए! नवी मुंबई साइबर पुलिस ने ऐसे ही एक फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफोड़ कर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह की कमर तोड़ दी है।
पुलिस ने “लाइफ डील” और “एआई ओशन एंटरप्राइजेज” नाम से चल रहे कॉल सेंटर पर छापा मारकर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके पर 32 युवक-युवतियां फर्जी इंश्योरेंस एजेंट बनकर लोगों को कॉल कर रहे थे।
जांच में खुलासा हुआ कि 9 सिम कार्डों के जरिए लोगों को मोटर इंश्योरेंस रिन्यू कराने का झांसा दिया जाता था। पैसे लेने के बाद न तो पॉलिसी जारी होती थी और न ही रकम वापस की जाती थी। इन सिम कार्डों के खिलाफ NCCRP पोर्टल पर 145 शिकायतें दर्ज हैं और अब तक ₹14.08 लाख की साइबर ठगी सामने आ चुकी है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 26 मोबाइल, 27 हार्ड डिस्क और 5 लैपटॉप जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रसाद तोडणकर, फैयाज नासीर और वैभव इंगळे के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि यह संगठित साइबर ठगी गिरोह है और इसमें कई अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका है। अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है।
