ऑनलाइन जुए की लत ने बनाया चेन स्नैचर, डिलीवरी बॉय गिरफ्तार; 9 वारदातों का खुलासा
नवी मुंबई |
सानपाड़ा, वाशी और कोपरखैरणे इलाकों में लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की वारदातों का क्राइम ब्रांच की कक्ष-01 टीम ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक 24 वर्षीय डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब ₹7.92 लाख कीमत के 8 सोने के मंगलसूत्र व चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है। जांच में आरोपी से जुड़े 9 चेन स्नैचिंग के मामले सामने आए हैं।
पुलिस के मुताबिक, अलग-अलग घटनाओं की समानांतर जांच के दौरान घटनास्थल और आरोपी के आने-जाने के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में आरोपी के कपड़ों और वारदात में इस्तेमाल ग्रे रंग की स्कूटी की पहचान हुई। इसके आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया।
वर्णन से मिलती-जुलती स्कूटी दिखाई देने पर पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध को रुकने का इशारा किया। लेकिन वह स्कूटी तेज रफ्तार से भगाकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों चंद्रकांत कदम और सागर सोनवलकर ने पीछा कर आवश्यक बल का इस्तेमाल करते हुए उसे स्कूटी समेत पकड़ लिया।
ऑनलाइन जुए में पैसा गंवाया, फिर शुरू की लूट
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कुमार बाबू चव्हाण (24) Blinkit में डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता था। डिलीवरी के दौरान उसे सानपाड़ा, वाशी और कोपरखैरणे की गलियों, सड़कों और आवाजाही के रास्तों की अच्छी जानकारी हो गई थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को मोबाइल पर ऑनलाइन जुआ खेलने की लत लग गई थी। जुए में पैसे गंवाने के बाद दोबारा जुआ खेलने के लिए पैसों की जरूरत पड़ती थी। इसके बाद वह चेन स्नैचिंग करता था। यानी जुआ, पैसा गंवाना और फिर चेन स्नैचिंग—यह सिलसिला लगातार चलता रहा।
सोनार के पास रखे थे चोरी के गहने
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने चोरी किए गए आभूषण कोपरखैरणे स्थित एक ज्वेलर्स के पास रखता था। पुलिस ने संबंधित जगदिशचंद्र रामचंद्र कुमावत (33) को भी मामले में आरोपी बनाया है।
पुलिस ने उसके पास से 68.84 ग्राम वजन के 8 सोने के मंगलसूत्र और चेन, जिनकी अनुमानित कीमत ₹7,92,304, बरामद की हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल TVS NTorq 125 ग्रे स्कूटी (MH-03-DL-7178), जिसकी कीमत करीब ₹50 हजार बताई गई है, भी जब्त की गई है।
9 मामलों का खुलासा
पुलिस के अनुसार आरोपी से सानपाड़ा पुलिस स्टेशन के छह, वाशी पुलिस स्टेशन के दो और कोपरखैरणे पुलिस स्टेशन के एक मामले का खुलासा हुआ है। इनमें संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं।
आरोपी कुमार बाबू चव्हाण को 25 सितंबर 2026 को शाम 6:40 बजे गिरफ्तार किया गया था और उसे 1 अक्टूबर 2026 तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विकास घोडके के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक निलेश बनकर, अनंत लांब, निलेशकुमार महाडिक, पुलिस उपनिरीक्षक अभय काकड, सुनील वाघ तथा क्राइम ब्रांच कक्ष-01 के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने की।
