घणसोली गांव में आधी रात भीषण आग, इंद्रावती अस्पताल के पास 4 दुकानें जलकर खाक
नवी मुंबई | घणसोली गांव में आधी रात के समय उस वक्त हड़कंप मच गया, जब इंद्रावती अस्पताल के पास स्थित दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
देखते ही देखते आग ने आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में चार दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आग की चपेट में आने से दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।
घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन दल तत्काल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी या किसी अन्य कारण से, इसकी जांच संबंधित विभाग द्वारा की जा रही है। वहीं, दुकानदारों के वास्तविक नुकसान का आकलन भी जांच के बाद सामने आएगा।
