ब्रेकिंग न्यूज़ रामपुर।
पटवाई के दो दोस्तों ने बढ़ाया रामपुर का मान, प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ में किया जिक्र।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में एक बार फिर रामपुर जिले का जिक्र किया। माह अप्रैल वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री ने पटवाई के अमृत सरोवर तालाब की सराहना की थी और अब पटवाई गांव के दो दोस्तों आकाश यादव और रोहन देव द्वारा चलाई जा रही स्वच्छता की मुहिम को सराहा है। उनके कार्य की तस्वीर को अपने एक्स एकाउंट पर भी पोस्ट किया है।
प्रसारित मन की बात के 137वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के पटवाई गांव के दो दोस्त आकाश और रोहन ने देखा कि उनके आसपास का इलाका गंदगी से भर गया है। फिर क्या था, उन्होंने कचरे के बैग उठाए और सफाई के लिए निकल पड़े।
धीरे-धीरे दूसरे युवा भी उनके साथ जुड़ने लगे। एक टीम भी बन गई, जिसका नाम है क्लीन अप पटवाई। ये युवा अब तक चार गंगा घाटों को साफ कर चुके हैं और सार्वजनिक स्थलों से एक टन से अधिक प्लास्टिक कचरा साफ किया है।
प्रधानमंत्री के मुंह से अपने काम की तारीफ सुनकर दोनों दोस्त गदगद हैं। साल भर पहले ही स्वच्छता को लेकर शुरू की गई मुहिम का यह असर होगा, उन्होंने कभी सोचा नहीं था।
पटवाई में राजकीय इंटर कालेज सराय और किसान सहकारी समिति के पास लोग गंदगी फेंक देते थे, जिससे वहां गंदगी के ढेर लग गए थे। हमने उसके वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर डाले, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। तब हम दोनों दोस्तों ने प्रधान के पुत्र जुनैद की मदद से खुद ही गंदगी हटाने का फैसला लिया।
ट्रैक्टर ट्राली लेकर पहुंच गए और वहां से गंदगी हटाकर पौधे लगा दिए। यह पहली शुरुआत थी। इसके बाद हमारे साथ युवाओं की टीम बनी। टीम में 10-12 सदस्य हैं। हमने कोसी और रामगंगा नदी के घाटों की सफाई का फैसला लिया। मदारपुर घाट, मंसूरपुर घाट और कोसी नदी के घाटमपुर घाट की सफाई की।
दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर कोसी पुल पर भी लोग नदी में फूल आदि प्रवाहित करते थे और वहां पुल की रैलिंग पर पन्नी बांध देते थे। उन पन्नी को भी हमारी टीम ने खोलकर साफ किया। सावन माह के समाप्त होने पर हमने रठौंडा शिव मंदिर में बने सरोवर की सफाई कर काफी प्लास्टिक कचरा निकाला था।
रिपोर्टर परवेज़ अली रामपुर यूपी,,,
