नवी मुंबई में कोयते का खौफ!
19 साल के युवक का सिर फाड़कर बेरहम हत्या, कातिल फरार
नवी मुंबई।क्या नवी मुंबई में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब खुलेआम कोयते से लोगों की जान ली जा रही है? वाशी के मिनी सी-शोर परिसर में शनिवार तड़के 19 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मृतक की पहचान सुजलकुमार महातो (19) के रूप में हुई है। वह कोपरखैरणे स्थित एक चाइनीज होटल में काम करता था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 4 बजे अज्ञात आरोपी ने उसके सिर पर कथित तौर पर कोयते से जानलेवा वार किए और मौके से फरार हो गया।वारदात की सूचना मिलते ही वाशी पुलिस क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने सुराग जुटाए हैं और आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें मैदान में उतार दी गई हैं।
सवालों के घेरे में शहर की सुरक्षा!
हत्या क्यों हुई? आरोपी कौन है? युवक को इतनी बेरहमी से क्यों मारा गया? और सबसे बड़ा सवाल—क्या नवी मुंबई में भी धारदार हथियारों के दम पर दहशत फैलाने वाले गिरोह सक्रिय हो रहे हैं?पुणे की तर्ज पर ‘कोयता गैंग’ जैसी गतिविधियों की आशंका ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, इस मामले में किसी संगठित गिरोह की भूमिका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपी की तलाश में जुटी है।19 साल के युवक की इस खौफनाक हत्या ने साफ कर दिया है कि सवाल सिर्फ एक हत्या का नहीं, बल्कि शहर में अपराधियों के बढ़ते हौसले और आम नागरिकों की सुरक्षा का भी है।
