ब्रेकिंग न्यूज़ रामपुर।
रामपुर में छेड़छाड़ पीड़िता के पिता की खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से कर रही है जांच।
घर में घुसकर छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पीड़ित के पिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव खेत में खून से लथपथ मिला। स्वजन ने मुकदमे में फैसले का दबाव न मानने पर दुष्कर्म के आरोपित, गांव के प्रधान व अन्य लोगों द्वारा हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी
तहरीर में मृतक के बड़े भाई और उसके परिवार के अन्य लोगों के नाम हैं। गांव में चर्चा यह भी है कि मुकदमे में समझौते का दबाव और धमकियों से परेशान होकर पीड़ित ने खुद को गोली मारकर जान दी है। पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला है।
सुसाइड नोट में भी मृतक के भाई, प्रधान आदि के नाम लिखे हैं। साथ ही सभी पर हत्या का मुकदमा चलाने और जांच क्राइम ब्रांच से कराने की मांग की है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल पर जांच कर रही है।
घटना शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। यहां रहने वाले एक ग्रामीण ने 23 मई को गांव के युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। युवक पर आरोप था कि 22 मई को वह उनके घर में घुस गया था। घर पर उनकी नाबालिग बेटी अकेली थी और वह आंगन में भैंस बांध रही थी। इस दौरान युवक ने उसे बुरी नीयत से दबोच लिया। उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।
बेटी के विरोध जताने पर वह अपनी मंशा में कामयाब नहीं हो सका तो उसने डंडे से बेटी को पीट दिया था। शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए थे, जिस पर वह भाग गया था। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
तब से ही युवक और उसके स्वजन मुकदमे में फैसला करने के लिए पीड़ित के पिता को धमका रहे थे। आरोप है कि युवक पक्ष की ओर से गांव के प्रधान व अन्य लोग भी पीड़ित पर दबाव बनाया जा रहा था। दबाव बनाने में पीड़ित के पिता के बड़े भाई भी शामिल थे।
मृतक के बेटे रोहित ने बताया कि रविवार सुबह साढ़े नौ बजे उसके पिता रसूलपुर गांव जाने का कहकर घर से निकले थे, लेकिन वह रसूलपुर जाने के बजाय खेत पर चले गए। दोपहर 12.30 बजे गांव के एक व्यक्ति ने मेरी मां को सूचना दी कि मेरे पिता खेत पर खून से लथपथ पड़े हैं। मेरी मां और बहन वहां गए तो पिता खून से लथपथ पड़े थे। उनके सीने पर गोली लगी थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता की हत्या की गई है। मारने वालों में प्रधान संजीव समेत 10 लोग हैं। इनमें बहन के साथ घटना करने वाला युवक भी है। इसके अलावा मेरे ताऊ और उनके दो बेटे भी शामिल हैं। ताऊ ने आरोपित युवक के परिवार से साठगांठ कर ली थी। ये सभी मेरे पिता पर मुकदमे में फैसला करने का दबाव बनाते थे। इन सभी ने पिता को खेत पर बुलाया और फैसले का दबाव बनाया। दबाव न मानने पर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी।
उधर, घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक अनिल सिसोदिया, अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह, सीओ शाहबाद देवकी नंदन आदि ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फारेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। स्वजन की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है
बाइट अनिल सिसोदिया एसपी रामपुर
रिपोर्टर, परवेज़ अली रामपुर यूपी।
